पुराने सिक्कों की ठगी

₹2 के सिक्के के लाखों कोई नहीं देता

अगर किसी ने आपके पुराने सिक्के या नोट की बहुत बड़ी कीमत लगाई और फिर पहले कोई फ़ीस माँगी — तो आपके साथ ठगी हो रही है। यह पेज बताता है कि यह ठीक कैसे होती है।

एक नियम, जो इस ठगी के हर रूप को रोक देता है
असली खरीदार बेचने वाले से कभी पैसा नहीं माँगता। न registration, न GST, न TDS, न RBI clearance, न कोई refundable deposit. पैसा सिर्फ़ एक तरफ़ चलता है — खरीदार से आपकी तरफ़। जिस पल आपसे कुछ भी भरने को कहा जाए, वह ठगी है, चाहे बात कितनी भी सरकारी लगे।

फ़ीस की सीढ़ी कैसे चलती है

शुरुआत कभी बड़ी रकम से नहीं होती। पहली रकम इतनी छोटी रखी जाती है कि वाजिब लगे, और हर अगली रकम ऐसे पेश की जाती है जैसे बस यही आखिरी अड़चन है।

  1. 1
    चारा

    कोई वीडियो, विज्ञापन या मैसेज बताता है कि आम सिक्का — ₹1, ₹2, ₹5 या ₹10 का नोट — लाखों का है। फिर एक “खरीदार” आकर असल से कहीं ऊँची कीमत पर राज़ी हो जाता है।

  2. 2
    रजिस्ट्रेशन फ़ीस

    आपको “verified seller” बनाने या “फ़ाइल खोलने” के नाम पर पहली छोटी रकम। छोटी जान-बूझकर रखी जाती है — मक़सद सिर्फ़ एक बार भरवाना है।

  3. 3
    प्रोसेसिंग या कूरियर चार्ज

    दूसरी, बड़ी रकम — “ट्रांसफ़र प्रोसेस” करने या पार्सल का बीमा कराने के नाम पर। तब तक आप एक बार भर चुके होते हैं, तो यह पहली रकम बचाने जैसा लगता है।

  4. 4
    GST या TDS

    टैक्स जैसी माँग, अक्सर नकली चालान या रसीद के साथ। कोई असली खरीदार भुगतान से पहले बेचने वाले से टैक्स नहीं वसूलता।

  5. 5
    RBI क्लियरेंस या NOC

    आखिरी और सबसे बड़ी माँग, जिसमें रिज़र्व बैंक का नाम इसलिए लिया जाता है ताकि बहस की गुंजाइश न लगे। वादा किया गया पैसा कभी नहीं आता और नंबर बंद हो जाता है।

रकमें बदलती रहती हैं, सीढ़ी नहीं बदलती। पहली बार भरने के बाद अगला बहाना हमेशा आता है।

एक असली मामला, पूरे हिसाब के साथ

मंगलुरु के एक व्यक्ति को बताया गया कि उनके 15 पुराने सिक्कों के ₹49,00,000 मिलेंगे। 25 नवंबर से 30 दिसंबर 2024 तक, पाँच हफ़्तों में, उनसे ये रकमें माँगी गईं — हर बार यही कहकर कि बस यही आखिरी कदम बचा है।

किस नाम पर माँगाकितना भरा
RBI रजिस्ट्रेशन₹750
GST proceeding data fee₹17,500
बीमा शुल्क₹94,500
TDS शुल्क₹49,499
GPS शुल्क₹71,500
ITR शुल्क₹39,990
“RBI notice pending” शुल्क₹3,50,000
आखिरी माँग, “RBI guidelines के अनुसार”₹12,55,000
रिपोर्ट किया गया कुल नुकसान (रिपोर्ट में सिर्फ़ कुछ रकमें अलग-अलग दी गई हैं; इसके बाद और किश्तें भी गईं) ₹58,26,399

रिपोर्ट: ETV Bharat, 9 जनवरी 2025। मामला कावूर थाना, मंगलुरु में दर्ज।

It is clarified that Reserve Bank of India does not deal in such matters and never seeks charges/ commissions of any sort. Reserve Bank of India has also not authorised any institution/ firm/ person etc. to collect charges/ commission on its behalf in such transactions.

— Reserve Bank of India, Press Release 2021-2022/634, 4 August 2021 (मूल अंग्रेज़ी में)

इसे दोबारा पढ़िए: रिज़र्व बैंक पुराने सिक्के-नोट न खरीदता है न बेचता है, इसके लिए कोई शुल्क कभी नहीं लेता, और किसी को अपनी तरफ़ से आपसे पैसा वसूलने का अधिकार नहीं दिया है। इसलिए “RBI रजिस्ट्रेशन”, “RBI clearance” और “RBI notice” की हर माँग परिभाषा से ही झूठ है — न कहीं रजिस्टर होना है, न किसी से clearance लेनी है।

हर एक मैसेज पर हम ये छह चीज़ें जाँचते हैं

ये आम सलाह नहीं है। ये वही नियम हैं जो हमारा scanner इस साइट के हर मैसेज पर चलाता है, और इन्हीं छह चालों से यह ठगी बनी है।

यहीं रुकिए आपसे पैसा माँगा जा रहा है

कोई भी फ़ीस, चार्ज, deposit, GST, TDS, customs या “clearance” जो आपसे माँगा जाए। यही सबसे साफ़ निशानी है, और पूरी ठगी इसी पर टिकी है।

यहीं रुकिए खरीदार आपको अपनी payment detail भेज रहा है

खरीदार की तरफ़ से UPI id, खाता नंबर या IFSC आने का कोई मतलब नहीं — खरीदार को आपकी detail चाहिए, उल्टा नहीं। यह सिर्फ़ इसलिए भेजी जाती है ताकि आप उन्हें पैसे भेजें।

सावधान रहिए हक़ीक़त से बहुत ऊपर की कीमत

आम सिक्के के लाखों या करोड़ों। बढ़ा-चढ़ा कर बताई गई रकम ही चारा है, और इतनी बड़ी रखी जाती है कि फ़ीस उसके आगे छोटी लगे।

सावधान रहिए सरकार या बैंक का नाम इस्तेमाल हो रहा है

RBI, “government approved”, म्यूज़ियम, auction house, आयकर, कस्टम। उधार ली गई साख इसलिए दिखाई जाती है ताकि अगली पैसों की माँग सरकारी लगे।

ध्यान देने लायक जल्दी करने का दबाव

“सिर्फ़ आज”, “ऑफ़र खत्म हो रहा है”, “दो घंटे बचे हैं”। जल्दबाज़ी इसीलिए बनाई जाती है ताकि आप कुछ जाँच न सकें और किसी से पूछ न सकें।

ध्यान देने लायक आपको साइट से बाहर ले जाया जा रहा है

फ़ोन नंबर, WhatsApp या Telegram — अक्सर शब्दों में लिखकर, ताकि filter से बच जाए। साइट से बाहर न कुछ जाँचा जाता है, न कुछ दर्ज होता है।

अगर आपको आया कोई मैसेज इनमें से किसी में फँसता है, तो जवाब देने से पहले ही उसी मैसेज पर चेतावनी दिख जाती है।

यह चलती क्यों है — और रुकती कैसे है

यह ठगी लालच पर नहीं चलती। यह इस बात पर चलती है कि पुराने सिक्के की असली कीमत लगभग किसी को पता नहीं होती। जब आपके मन में कोई संख्या नहीं होती, तो सामने वाले की संख्या ही सच बन जाती है।

तो असली संख्याएँ यहाँ हैं। ये हमारी अपनी प्रकाशित value catalogue की रेंज हैं — ठीक उन्हीं सिक्कों की जिनका नाम ये विज्ञापन सबसे ज़्यादा लेते हैं। एक बार पता चल जाए कि आपका सिक्का यहाँ बैठता है, तो ₹3,00,000 का ऑफ़र रोमांचक लगना बंद हो जाता है और वही चेतावनी बन जाता है जो वह हमेशा से था।

सिक्का या नोट असली रेंज
One Naya Paisa ₹25 – ₹220
One Anna — George VI ₹60 – ₹400
One Pice — Republic India ₹90 – ₹700
Five Rupees — RBI 75 Years ₹90 – ₹550
Half Anna — Republic India ₹120 – ₹900
Two Rupees — Small Family ₹120 – ₹800
Twenty Rupees Note — Star series ₹120 – ₹900
Jawaharlal Nehru Fifty Paise ₹180 – ₹950

हमारी 35 entries वाली प्रकाशित catalogue से। इस साइट की हर listing अपनी रेंज माँगी गई कीमत के साथ खुले में दिखाती है।

देखिए आपके जैसी चीज़ें असल में कितने में बिकीं

असली listings, असल में मिली कीमतें, तारीख़ के साथ। न अनुमान, न वादे।

बिकी हुई कीमतें देखिए

The Currency Bazaar पर कोई खरीदार आपसे पैसा माँग ही नहीं सकता — हर मैसेज जाँचा जाता है, और आपका फ़ोन नंबर कभी नहीं दिखाया जाता।

आगे पढ़िए

अगर आप पहले ही पैसे भर चुके हैं

तुरंत कदम उठाइए। पहले कुछ घंटों में दर्ज कराई गई रकम आगे जाने से पहले रुक जाने की संभावना कहीं ज़्यादा होती है।